सरमथुरा में धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के विरोध में चल रहे धरने के 32वें दिन शनिवार को तनाव बढ़ गया। प्रदर्शन में कुछ लोगों ने धौलपुर-करौली हाईवे जाम कर दिया। इसके बाद उन्होंने कस्बे के बाजारों में तोड़फोड़ की और पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान भी सरमथुरा पहुंचे। कस्बे में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने तुरंत हाईवे पर लगा जाम खुलवाया और हालात को काबू किया। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर रख रहा है। धरना संयोजक रामस्वरूप मीणा ने कहा कि जाम लगाने और तोड़फोड़ की घटना धरने को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने साफ किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर जारी रहेगा। धरने पर बैठे पांच पटेलों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 23 सितंबर को दो से तीन लाख लोग जयपुर कूच करेंगे। आंदोलनकारियों की मुख्य मांगों में धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व का विस्तार रोकना और जंगल में रहने वाले लोगों को उनके मकान, जमीन और दूसरी संपत्तियों के पट्टे देना शामिल है। उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।