जयपुर के सिटी पैलेस में 22 अक्टूबर की शाम वार्षिक ‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026’ समारोह आयोजित किया जाएगा। ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर की जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता और उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह सिटी पैलेस के प्रीतम निवास चौक में आयोजित होगा। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए 25 श्रेणियां निर्धारित की गई है। इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज सेवा, चिकित्सा, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, पर्यावरण, पर्यटन, विज्ञान, पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, कला, फोटोग्राफी, थिएटर, फिल्म, खेल, उद्योग और विरासत संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के नाम जयपुर के इतिहास और राजपरिवार से जुड़ी प्रमुख विभूतियों के नाम पर रखे गए हैं।