सवाई माधोपुर में गर्मियों के दौरान लोगों को समुचित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की संयुक्त अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एडिशनल चीफ इंजीनियर कार्यालय में जलदाय विभाग की समीक्षा बैठक और जनसुनवाई हुई। कॉलोनियों में सर्वे कर स्थायी समाधान के निर्देश बैठक में शहर की विभिन्न कॉलोनियों (नीम चौकी, रामलीला मैदान, हरिजन बस्ती, न्यू मार्केट और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र) में पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सर्वे कर नए बोरिंग लगाने के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। अमृत 2.0 के तहत 38 करोड़ से पाइपलाइन बदलेगी अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत लगभग 38 करोड़ रुपए की लागत से पुरानी पेयजल पाइप लाइनों को बदलने और उचित प्रेशर से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के कार्य इसी माह शुरू करने के निर्देश दिए गए। लापरवाह कॉन्ट्रेक्टर पर कार्रवाई के निर्देश विनायक नगर में बोरिंग पर लंबित बिजली कनेक्शन को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कनेक्शन जारी करने और आवश्यकता होने पर अंडरटेकिंग के आधार पर भी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ 7 दिन में कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। गंगापुर सिटी में जलापूर्ति पर जवाब तलब गंगापुर सिटी में गंदे पानी और 48 घंटे के अंतराल से जलापूर्ति की शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। बताया गया कि वर्तमान में 18 एमएलडी की मांग के मुकाबले 8.5 एमएलडी जल आपूर्ति हो रही है। नियमित जलापूर्ति के लिए चंबल परियोजना के तहत करीब 15 करोड़ रुपए के कार्य प्रस्तावित हैं, जिनकी स्वीकृति शीघ्र जारी कराने के निर्देश दिए गए। गुणवत्ता पर सख्ती, नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जलदाय मंत्री ने कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर जोर दिया। चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सहायक अभियंता कार्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागीय कार्मिकों के अनुशासनहीन आचरण पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जनप्रतिनिधियों और आमजन की मांगों के आधार पर सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, खंडार और बामनवास क्षेत्रों में हैंडपंप स्वीकृति के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडिशनल चीफ इंजीनियर रामनिवास मीणा, सेक्शन इंजीनियर भगवान सहाय मीणा, एक्सईएन (परियोजना) के.एम. शर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।