सवाई माधोपुर में विजयादशमी पर शहर से लेकर आसपास के इलाकों तक दशहरे का त्योहार मनाया गया। शहर में अलग-अलग जगह रावण दहन के कार्यक्रम हुए। सर्किट हाउस रोड स्थित दशहरा मैदान में 41 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। यहां मेघनाद और कुंभकरण के 30-30 फीट ऊंचे पुतले भी जलाए गए। वहीं, पुराने शहर के रामलीला मैदान में नगर रामलीला मंडल की ओर से 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। दोनों जगह रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। श्रीराम की शोभायात्रा निकाली, अखाड़ेबाजों ने दिखाए करतब रावण दहन से पहले सवाई माधोपुर शहर और बजरिया क्षेत्र में भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। इसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान अखाड़ेबाजों ने अलग-अलग करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रदर्शन को देखने के लिए जगह-जगह लोग एकत्रित हुए। कृषि मंत्री बोले- अपने अंदर के अहंकार रूपी रावण को मारें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेवा रामहरि चौधरी ने की, जबकि माया राजेश गोयल विशिष्ट अतिथि रहीं। इस दौरान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। यह त्योहार हमें सीख देता है कि सभी लोग अपने अंदर के अहंकार रूपी रावण को मारें। सवाई माधोपुर नगर परिषद की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत अगले तीन दिन तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।