सवाई माधोपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बजरिया क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुरानी ट्रक यूनियन स्थित छुगानी होटल एंड रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की गंभीर खामियां मिलीं। वहीं, रेलवे कॉलोनी स्थित न्यू कृष्णा एजेंसी से प्रियागोल्ड बिस्किट का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। खराब सब्जियों को नष्ट करवाया सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छुगानी होटल एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में फूड लाइसेंस नियमानुसार प्रदर्शित नहीं मिला। रेस्टोरेंट की रसोई में दीवारों पर काफी चिकनाहट और जाले लगे हुए थे। इसके अलावा वहां पुरानी और बासी चटनी रखी मिली। फ्रिज में पुरानी और सड़ी-गली सब्जियां भी रखी हुई थीं। टीम ने मौके पर ही खराब सब्जियों को नष्ट करवाया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को देखते हुए होटल संचालक को मौके पर ही इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही सब्जी बनाने में इस्तेमाल की जा रही ग्रेवी में रंग और मिलावट की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नमूना लिया गया। प्रियागोल्ड बिस्किट का नमूना जांच के लिए भेजा सोशल मीडिया पर प्रियागोल्ड बिस्किट के निर्माण में कथित तौर पर पशुओं का चारा इस्तेमाल किए जाने संबंधी खबरों की पुष्टि के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेलवे कॉलोनी स्थित न्यू कृष्णा एजेंसी से प्रियागोल्ड बिस्किट का नमूना लिया। नमूने को एनफोर्समेंट कार्रवाई के तहत जयपुर की लैब भेजा गया है। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम मौजूद रहे।