सवाई माधोपुर में मई के पहले सप्ताह में आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए फिर से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 9 मई तक मौसम बदला रहेगा, इसके बाद फिर गर्मी बढ़ने का अनुमान है। आंधी और बारिश से मिली अस्थायी राहत बीते दिनों जिले में आंधी, हल्की बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। इससे तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। बदले मौसम के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली और वातावरण में ठंडक महसूस की गई। मंगलवार को 36 डिग्री रहा अधिकतम तापमान सवाई माधोपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। हवा और बादलों के असर से गर्मी का असर कम महसूस हुआ। आज फिर आंधी और बारिश का अलर्ट मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 9 मई तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का हल्का असर रहेगा। इस दौरान भरतपुर संभाग सहित सवाई माधोपुर में दोपहर बाद आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं तेज आंधी व हल्की बारिश की संभावना है। आज के लिए विशेष रूप से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी मौसम विभाग के अनुसार यह राहत ज्यादा दिन नहीं रहेगी। 9 मई के बाद तापमान फिर बढ़ेगा और सवाई माधोपुर में 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। आसपास के इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना भी जताई गई है।