राजस्थान में फिर से एक्टिव हुए मानसून के कारण जयपुर, अजमेर, दौसा, अलवर सहित कई जिलों में बारिश हुई। अजमेर में बरसात के कारण एक स्कूल की दीवार ढह गई। हादसे में तीन कारें मलबे में दब गईं। अलवर और दौसा में झमाझम बारिश के कारण खेत-सड़कें डूब गईं। करौली जिले के करणपुर डांग क्षेत्र में उफनते नाले में बहने से किसान ग्यारसा कोली (50) की मौत हो गई। करीब 7 घंटे बाद घटनास्थल से 15 किलोमीटर दूर चंबल नदी में शव मिला। जयपुर में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। इस मानसून सीजन में पहली बार राजधानी में लगातार दो दिन बारिश हुई है। बरसात के कारण तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट हुई है। झालावाड़ और करौली जिलों में तेज बारिश की चेतावनी के कारण स्कूलों की छुट्टी रही। सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। धौलपुर के पार्वती बांध के 2 गेट खोले गए। धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध भी छलक गया है। भरतपुर के सबसे बड़े डैम बंध बारैठा के भी 2 गेट खोले गए हैं। राजस्थान में बारिश की PHOTOS मानसून के बड़े अपडेट्स 10 से ज्यादा जिलों में बरसात: जयपुर, अजमेर, बारां, भरतपुर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, टोंक, दौसा, झालावाड़ सहित कई जिलों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बरसात के कारण इन जिलों में बरसाती-नदी नालों में जलस्तर बढ़ गया है। शहरी क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी हो रही है। खंडार में सबसे ज्यादा बारिश: सवाई माधोपुर के खंडार में 24 घंटे (3 सितंबर शाम 6 बजे से 4 सितंबर शाम 6 बजे तक) के दौरान 175 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। वहीं बारां, कोटा, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, टोंक के एरिया में भी कई स्थानों पर 1 से 3 इंच तक बरसात दर्ज हुई। चित्तौड़गढ़, बूंदी, बारां के एरिया में भी नदियों, झरनों में पानी की आवक बढ़ गई है। आज भी पूर्वी राजस्थान एक्टिव रहेगा मानसून: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- बंगाल की खाड़ी से आया लो-प्रेशर सिस्टम राजस्थान के पूर्वी सीमा पर एक्टिव है। मानसून ट्रफ वर्तमान में श्रीगंगानगर, नारनौल से निकल कर लो-प्रेशर सिस्टम से होते हुए उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, डालटनगंज होकर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इसके कारण राजस्थान में 5 और 6 सितंबर को भी मानसून एक्टिव रहने की संभावना है। ….. मौसम की पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…