सवाई माधोपुर एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने शुक्रवार को 12वीं कॉमर्स संकाय की टॉपर छात्रा को सम्मानित किया। इस दौरान एसपी मैत्रेयी ने जिले की टॉपर सोनाक्षी माहेश्वरी से संवाद भी किया और उन्हें करियर को लेकर मार्गदर्शन दिया। एसपी ने करियर के लिए किया गाइड सवाई माधोपुर एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी की विशेष रुचि विद्यार्थियों को उनके करियर के लिए गाइड करने में है। इसी के चलते उनके द्वारा जिले के टॉपर विद्यार्थियों को समय-समय पर सम्मानित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह सोनाक्षी माहेश्वरी अपने पिता मनीष माहेश्वरी और माता के साथ एसपी कार्यालय पहुंची, जहां एसपी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान एसपी ने सोनाक्षी से पढ़ाई के अनुभव, भविष्य की योजनाओं और सफलता के मंत्र पर चर्चा की। उन्होंने छात्रा को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की सलाह दी। क्लास 12वीं की छात्रा सोनाक्षी माहेश्वरी पुत्री मनीष कुमार माहेश्वरी ने कॉमर्स संकाय में 93% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। इससे पहले भी एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी द्वारा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है, जिससे जिले में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है।