नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसे लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर काना राम ने शनिवार को नगर परिषद सवाई माधोपुर के मतगणना केन्द्र महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतगणना से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारी मांगीलाल और Xen सार्वजनिक निर्माण विभाग गोविंद सहाय मीणा को मतगणना केन्द्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वार्ड वार होगी मतगणना, पहले गिने जाएंगे डाक मतपत्र सभी नगरीय निकायों में एक वार्ड के लिए एक मतगणना टेबल निर्धारित की गई है। जिस वार्ड में एक से अधिक मतदान केन्द्र हैं, वहां सभी मतदान केन्द्रों के मतों की गणना उसी टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी संबंधित वार्ड के लिए एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गणना से होगी। इसके लिए पृथक टेबल निर्धारित नहीं की जाएगी, बल्कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की टेबल पर ही डाक मतपत्रों की गणना होगी। मतगणना केन्द्र पर निर्धारित क्रम के अनुसार मिलेगा प्रवेश जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना वार्ड-वार निर्धारित क्रम के अनुसार की जाएगी। संबंधित वार्ड के अभ्यर्थी एवं गणना अभिकर्ता निर्धारित टेबल के अनुरूप ही मतगणना कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। एक वार्ड की मतगणना पूर्ण होने के बाद अगले वार्ड के अभ्यर्थियों एवं गणना अभिकर्ताओं को मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। मतों की गोपनीयता और पारदर्शिता का रहेगा विशेष ध्यान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना प्रक्रिया में मतों की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। मतगणना प्रारंभ होने से पूर्व रिटर्निंग अधिकारी द्वारा मतगणना कक्ष में उपस्थित सभी व्यक्तियों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 के प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए।