सवाई माधोपुर में एडीजी विपिन कुमार पांडेय के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस व्यवस्था की आधुनिक तकनीक, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता और प्रशिक्षण की वास्तविक झलक देखने को मिली। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रमों में साइबर क्राइम, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन, ट्रैफिक पुलिस, कालिका बटालियन और ड्रोन डेमो के साथ-साथ दंगा नियंत्रण, नाकाबंदी और बस हाइजैक जैसे गंभीर हालात से निपटने के लाइव डेमो दिए गए। पुलिस परेड में एडीजी को दी गई सलामी, एसपी ने किया नेतृत्व एडीजी विपिन कुमार पांडेय के सवाई माधोपुर आगमन पर पुलिस टुकड़ी की ओर से पुलिस परेड ग्राउंड में औपचारिक सलामी दी गई। परेड का नेतृत्व एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने किया। इसके बाद पुलिस जवानों ने पीटी (फिजिकल ट्रेनिंग) का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसमें अनुशासन और फिटनेस की झलक देखने को मिली। दंगा नियंत्रण और आपात स्थितियों के लाइव डेमो कार्यक्रम के दौरान सबसे प्रमुख आकर्षण डूंगरी बांध प्रदर्शनकारियों का दंगा नियंत्रण डेमो रहा। इसमें दिखाया गया कि कैसे प्रदर्शनकारी पथराव करते हैं और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती है। हालात बिगड़ने पर पहले आंसू गैस के गोले छोड़े गए, फिर लाठीचार्ज किया गया। जब स्थिति और उग्र हुई तो पुलिस ने गोली चलाने का डेमो प्रस्तुत किया, जिसमें एक प्रदर्शनकारी घायल होकर गिर गया और उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। साइबर, ट्रैफिक और क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन का प्रदर्शन निरीक्षण के दौरान एडीजी ने साइबर क्राइम, ट्रैफिक पुलिस, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन और कालिका बटालियन के डेमो का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही नाकाबंदी और बस हाइजैक जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के अभ्यास भी दिखाए गए, जिनमें पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और रणनीति को प्रदर्शित किया गया। संपर्क सभा में सुनी गई पुलिसकर्मियों की समस्याएं कार्यक्रम के समापन पर संपर्क सभा का आयोजन किया गया, जिसमें एडीजी विपिन कुमार पांडेय और एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने पर जोर दिया।