गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल काबरा के कर्मचारियों ने प्रिंसिपल एवं पीईईओ डॉ. सीमा कृपलानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को सामूहिक शिकायत दर्ज कराई है। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके लंबित एवं वर्तमान सेवा संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के लिए स्कूल विकास के नाम पर अवैध रूप से राशि की मांग की जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि एसीपी/एमएसीपी, एरियर, वेतन निर्धारण (फिक्सेशन), पीएल जोड़ना और एमएल स्वीकृति जैसे सेवा संबंधी कार्यों के लिए कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है। आरोप है कि जो कर्मचारी मांगी गई राशि का भुगतान करते हैं, उनके कार्य तुरंत पूरे कर दिए जाते हैं, जबकि राशि देने से इनकार करने वालों के कार्य जानबूझकर लंबित रखे जाते हैं। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि सेवा पुस्तिका और अन्य दस्तावेजों में त्रुटियां निकालकर नोटिस जारी किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, आरओपी/पीएल कटौती और डब्ल्यूपीएल जैसे कदम उठाकर मानसिक दबाव बनाया जाता है। कई मामलों में कर्मचारियों से स्वयं प्रार्थना पत्र लिखवाकर कटौती संबंधी कार्रवाई करने की बात भी सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम से कर्मचारियों में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई कर्मचारी दबाव में आकर राशि देने को मजबूर हुए हैं, जो एक गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। कर्मचारियों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रुकेगी और कर्मचारियों को न्याय मिल सकेगा।