बांसवाड़ा| अब स्कूली विद्यार्थी अपनी समस्याएं सीधे न्यायिक अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में “कोर्ट वाली दीदी” नाम से विशेष शिकायत पेटी लगाई जाएगी। यह पहल राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शुरू की जा रही है। सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कौशल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडेज” कार्यक्रम के क्रियान्वयन की रूपरेखा तय की गई। इस अभियान के तहत कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कौशल सिंह ने बताया कि विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों द्वारा नियमित विधिक जागरूकता सत्र आयोजित होंगे, जिनमें बाल अधिकार, लैंगिक समानता, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे अहम विषयों पर जानकारी दी जाएगी। खास बात यह है कि “कोर्ट वाली दीदी” पेटी के जरिए विद्यार्थी अपनी शिकायत, सुझाव या समस्या लिखित में दे सकेंगे, जिन्हें न्यायिक अधिकारी गंभीरता से जांचकर समाधान करेंगे। इस पहल को शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से लागू किया जाएगा। बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भरत पंड्या और महिला एवं बाल विकास विभाग से विशाल दांतला भी मौजूद रहे।