सीकर में आज कोचिंग निगरानी समिति की बैठक हुई। कलेक्टर आशीष मोदी और एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने कोचिंग, हॉस्टल्स और पीजी संचालकों से बातचीत की। बैठक में स्टूडेंट रजिस्टर मेंटेन करने, हर हॉस्टल और पीजी का रजिस्ट्रेशन करवाने जैसे कई निर्णय लिए गए। बैठक में मेडिकल सहित अन्य भी कई डिपार्टमेंट के ऑफिसर्स मौजूद रहे। कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि वर्तमान में सीकर में लाखों की संख्या में स्टूडेंट्स प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में यहां पर रहने वाले स्टूडेंट्स को बेहतर माहौल मिल सकें, इसके लिए आज यह मीटिंग की गई। मीटिंग में कोचिंग संचालकों के अलावा हॉस्टल और पीजी संचालित करने वाले लोगों को भी बुलाया गया। बैठक में निर्णय किया गया है कि सीकर में जितने भी हॉस्टल संचालित है, उनका रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक है। रजिस्ट्रेशन भी तभी होगा, जब वह फायर सेफ्टी, वेंटीलेशन जैसे सभी मापदंड पूरे करते हो। पिपराली रोड और नवलगढ़ रोड से हटेगा अतिक्रमण सीकर को ड्रग फ्री बनाने के लिए हर कोचिंग और हॉस्टल्स में साइनेज बोर्ड लगवाए जाएंगे। इसके अलावा पब्लिक के साथ मिलकर भी टाइम-टू-टाइम अवेयरनेस प्रोग्राम किए जाएंगे। सप्ताह में एक दिन मेडिटेशन और रिफ्रेशमेंट जैसे इवेंट होंगे। जिन लोगों ने पिपराली रोड और नवलगढ़ रोड पर पैदल पथ पर अतिक्रमण किया हुआ है, उन्हें भी जल्द से जल्द हटाया जाएगा। नशे की लत से प्रभावित स्टूडेंट्स पर होगा फोकस सीकर एसपी प्रवीण नायक नूवावत ने कहा कि नशे की लत से प्रभावित स्टूडेंट्स पर स्पेशल फोकस रहेगा। हर एक कोचिंग में एक नोडल ऑफिसर बनाया जाएगा जो पुलिस और प्रशासन के साथ कोआर्डिनेशन रखेगा। इसके अलावा हॉस्टल और पीजी में स्टूडेंट रजिस्टर मेंटेन रखना जरूरी होगा। जिसमें स्टूडेंट्स के आने-जाने सहित तमाम जानकारियां रेगुलर अपडेट रखनी होगी। यदि कोई स्टूडेंट रात के समय ज्यादा आता-जाता है तो इस बारे में उसके घरवालों को बताया जाएगा, जिससे कि उसकी समय पर काउंसलिंग हो सकें। बैठक के दौरान कई लोगों ने सुझाव दिए कि रात 8 बजे बाद भी पिपराली रोड पर शराब की बिक्री होती है। ऐसे में कलेक्टर आशीष मोदी ने जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीनारायण देवंदा को कहा कि शराब के ठेकों की रैंडम चेकिंग के लिए टीम बनाकर रेगुलर चेकिंग की जाए।