बारां के बामला गांव में शारदीय नवरात्र महोत्सव के तहत सोमवार को माता रानी के नेजे की सवारी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह सवारी आदर्श माली सैनी समाज नवयुवक मंडल ने आयोजित की। ढोल-नगाड़ों की गूंज और माता रानी के जयकारों के बीच लोग उमड़ पड़े। मंडल प्रवक्ता महावीर सुमन ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे माता रानी की प्रतिमा को देव विमान में बिठाकर डीजे के साथ सवारी रवाना हुई। यह मुख्य सड़क मार्ग, नयापुरा मोहल्ला और पुराना बाजार से होते हुए करीब 3 घंटे में अपने तय ठिकाने पर पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं में माता की पूजा का उत्साह दिखा। कुछ श्रद्धालु घोड़ले के भाव में चल रहे थे, युवा और महिलाएं भजनों पर नाचते हुए चल रही थीं। मंडल संरक्षक भेरूलाल सुमन और अध्यक्ष महावीर पाडोलिया ने पूजा कर सवारी शुरू की। महाआरती के बाद प्रसाद बांटा गया। प्रकाशचंद सुमन, रामकल्याण सुमन, ओमप्रकाश सुमन, जगदीश सुमन, पवन सुमन, महावीर सैनी, हरिओम सुमन, गोलू सुमन, चेतन सैनी आदि ग्रामीण मौजूद थे।