एसआई भर्ती 2025 परीक्षा के दूसरे दिन पहली और दूसरी पारी शांतिपूर्वक और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। दोनों पारियों में एवरेज 71% परीक्षार्थियों की परीक्षा दी। पहली पारी में कुल 70.85 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस पारी में 9442 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6784 ने परीक्षा दी, जबकि 8 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहले दिन की तुलना में इस बार करीब चार प्रतिशत अधिक उपस्थिति दर्ज की गई। इसी तरह दूसरे दिन की दूसरी पारी में भी रजिस्टर्ड 9442 में से 6726 परीक्षार्थियों ने भाग्य आजमाया। दो हजार 716 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 71.23 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। उधर परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट रामरतन सौकरिया ने उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर 96 वीक्षको को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। जिले में परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। सुबह की पारी के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से प्रवेश दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने सघन जांच की। सख्ती को देखते हुए कई अभ्यर्थियों ने स्वयं ही हाथ में बंधे डोरे और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं उतार दीं, जबकि महिलाओं से जेवर भी उतरवाए गए। कलेक्टर-SP ने किया केंद्रों पर निरीक्षण परीक्षा के दौरान कलेक्टर टीना डाबी और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने सेंट सोल्जर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थी तुरंत बाहर निकल गए, जबकि कई अभ्यर्थी बाहर आकर चाय-नाश्ता कर फिर दूसरी पारी के लिए केंद्रों पर लौटते नजर आए। कल की तुलना में आज पहली पारी में ज्यादा पहुंचे अभ्यर्थी एडीएम रामरतन सौकरिया ने बताया -पहली पारी पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और पिछले दिन की तुलना में अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या कम रही। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि परीक्षा में लाख या कांच की पतली चूड़ियों के अलावा कोई भी जेवर पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंडबैग, हेयर पिन, ताबीज, कैप, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल और मफलर जैसे सामान प्रतिबंधित रहे। पुरुष अभ्यर्थियों को केवल आधी आस्तीन की शर्ट, टी-शर्ट या कुर्ता, पेंट या पायजामा और हवाई चप्पल या स्लीपर में ही प्रवेश दिया गया। वहीं महिला अभ्यर्थियों को सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता या ब्लाउज, हवाई चप्पल या स्लीपर तथा बालों में साधारण रबर बैंड के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।