भास्कर न्यूज | अलवर राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के तहत अलवर जिले के 64 केंद्रों पर दो दिन हुई परीक्षा में उपस्थिति का स्पष्ट ट्रेंड सामने आया है। सटीक आंकड़ों के अनुसार पहले दिन रविवार को कुल उपस्थिति 60.07% रही, जबकि दूसरे दिन (सोमवार) यह बढ़कर 60.72% दर्ज की गई। एडीएम सिटी बीना महावर के अनुसार सोमवार को पहली पारी में 17,887 में से 10,934 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और उपस्थिति 61.13% रही। वहीं दूसरी पारी में 10,794 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और उपस्थिति 60.35% दर्ज हुई। दोनों पारियों को मिलाकर कुल 35,774 में से 21,728 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जिससे दिन की कुल उपस्थिति 60.72% रही। पिछले दिन की तुलना में 240 अभ्यर्थी ज्यादा बैठे रविवार को पहली पारी में 17,886 में से 10,782 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और उपस्थिति 62.28% रही। दूसरी पारी में 10,706 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जहां उपस्थिति घटकर 59.86% रह गई। दोनों पारियों को मिलाकर कुल 35,772 अभ्यर्थियों में से 21,488 उपस्थित रहे, जिससे दिन की कुल उपस्थिति 60.07% रही। इस प्रकार सोमवार को रविवार की तुलना में 240 ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों दिनों को मिलाकर कुल 71,546 परीक्षार्थियों में से 43,216 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस आधार पर अलवर जिले में दो दिन की औसत कुल उपस्थिति 60.39% रही दूसरे दिन 0.65% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इसके बावजूद कुल मिलाकर करीब 39.61% अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा के अंतिम दिन शहर के जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मन्नी का बड़ केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया। जब लक्ष्मणगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार शराब पीकर परीक्षा देने पहुंच गया। शुरुआत में कर्मचारियों ने उसे प्रवेश दे दिया, लेकिन नशे में होने पर उसे तुरंत केंद्र से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद वह करीब 20 मिनट तक गेट के बाहर ही बैठा रहा। दूसरी ओर, प्रशासन की सख्ती के चलते कई अभ्यर्थियों को देरी से पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं मिला बाल भारती स्कूल केंद्र पर महज 5 मिनट की देरी से पहुंचे दो परीक्षार्थियों को भी वापस लौटना पड़ा। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा के लिहाज से केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि शांति बनी रहे।