सीकर के बाजारों में दीपावली की धूम नजर आ रही है। दीपावली पर ग्राहकों के लिए बाजार सज चुके हैं। धनतेरस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को हर दुकान के बाहर रोशनी और ग्राहकों के लिए स्वागत द्वार लगाए गए हैं। इस बार ट्रेडिशनल झालरों को नए लुक में बाजार में बेचा जा रहा है। मिट्टी के दीपक भी अब डिजाइनिंग लुक में बिक रहे हैं। सीकर में नगर परिषद की ओर से सभी मुख्य सड़कों और चौराहों को भी सजाया गया है। सभी सड़कों के डिवाइडर पर लाइटिंग की गई है। वहीं मोबाइल एप से कंट्रोल होने वाली लाइटें भी बाजार में उपलब्ध हैं। देखें सीकर के बाजार की सजावट… दीपावली पर घर-आंगन को रोशनी से सजाने का उत्साह इस बार भी बाजारों में दिखाई दे रहा है। रंग-बिरंगी झालरों से लेकर लेजर और वाटरफॉल लाइट तक की बाजार में भरमार है। हालांकि इस बार सजावटी चाइनीज लाइटों की खरीदारी के लिए लोगों को जेब कुछ ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है। पिछले साल के मुकाबले इस बार विभिन्न प्रकार की सजावटी लाइटों की कीमत करीब 15 प्रतिशत महंगी हुई है, लेकिन इनके खरीददारों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। लाइटिंग के कई ऑप्शन सामान्य फेयरी लाइट, जो पिछले साल करीब 36 रुपए में मिल रही थी। उसकी कीमत इस बार बढ़कर करीब 44 रुपए हो गई है। इसके बावजूद नए डिजाइन और आकर्षक रोशनी वाली‌ झालरें लोगों को लुभा रही हैं। इस बार बाजार में ट्रेडिशनल झालरों के साथ सजावट के कई नए ऑप्शन भी उपलब्ध हैं। घरों के मुख्य द्वार, बालकनी, छत और लॉन को आकर्षक बनाने के लिए अलग-अलग इफेक्ट वाली लाइटें पसंद की जा रही हैं। सामान्य राइस लाइट और फेयरी लाइट की डिमांड सामान्य राइस लाइट और फेयरी लाइट की डिमांड हर साल की तरह बनी हुई है। कम कीमत और आसानी से लगाने की सुविधा के कारण लोग इन्हें घरों की खिड़कियों, दरवाजों और बालकनी में लगाना पसंद करते हैं। वहीं, 5 मीटर लंबी फ्लेक्सिबल नियोन पाइप लाइट भी सजावट का नया विकल्प बनकर सामने आई है। इसकी कीमत करीब 500 रुपए है। इसे मोड़कर अलग-अलग आकार और डिजाइन में लगाया जा सकता है। वाटरफॉल कर्टन, फायरवर्क इफेक्ट और लेजर लाइट को भी खूब पसंद किया जा रहा है। आंगन में रंगोली जैसे घूमते हुए रोशनी के पैटर्न बनाने के लिए लेजर लाइट का विकल्प भी है। इसकी कीमत करीब 500 रुपए है। सजावटी लाइटों के साथ छोटे झूमर और भगवान की तस्वीर वाले छोटे झूमर और लैंप भी पसंद किए‌ जा रहे हैं।