सीकर में एक युवक के साथ लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित की इंस्टाग्राम पर एक लड़की से दोस्ती हुई थी। लड़की ने पीड़ित को मिलने के बहाने बुलाया और फ्लैट पर लेकर चली गई। कुछ देर बाद ही वहां 8-10 लड़के आए और युवक को लूट कर वहां से फरार हो गए। अब इस मामले में जयपुर के रहने वाले 30 साल के पीड़ित युवक ने सीकर के उद्योग नगर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, युवक की इंस्टाग्राम पर एक लड़की से बातचीत होना शुरू हुई और बाद में दोस्ती हो गई। लड़की ने शनिवार दोपहर को उसे मिलने के बहाने बुलाया था। लड़की के कहने पर वह जयपुर से सीकर मिलने के लिए गया था। सीकर पहुंचकर युवक ने लड़की को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। वह लड़की उस युवक को अपने फ्लैट पर ले गई। फ्लैट पर ले जाकर पिटवाया रिपोर्ट के अनुसार, फ्लैट पर पहुंचने के बाद वहां करीब 8 से 10 लड़के आए और उन्होंने पीड़ित युवक के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। आरोपी युवक को पिस्तौल दिखाकर उसके गले की सोने की चेन, सोने का कड़ा,आईफोन और 25 हजार रुपए लूट लिए। जब वह बदमाश लड़के युवक से मारपीट कर रहे थे। इस दौरान वह लड़की भी वहां से फरार हो गई। जाते वक्त आरोपियों ने लड़के को धमकी दी कि यदि पुलिस में मामला दर्ज करवाया तो जान से मार देंगे। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।