सीकर में लॉरेंस गैंग के गिरफ्तार आरोपी महेश नायक उर्फ मोंटी (21) पुत्र दलीप नायक ने पूछताछ में कई बडे़ खुलासे किए। आरोपी महेश नायक ने पुलिस को बताया- करीब 4-5 साल पहले मेरी मुलाकात सीकर में नवलगढ़ रोड पर गोलगप्पे का ठेला लगाने वाले विवेक से हुई थी। उसने दिल्ली बुलाकर मुझे लॉरेंस गैंग के बदमाश से मुलाकात कराई थी। इसके बाद मैं गैंग के लिए काम करने लगा। गैंग के लोगों ने अगस्त 2026 में झारखंड में सटोरिए का मर्डर करने के बदले 50 लाख देने का ऑफर किया था। आरोपी महेश मर्डर के लिए झारखंड पहुंच भी गया, लेकिन लोकेशन नहीं मिलने और गिरफ्तारी के डर से वापस सीकर आ गया। सीकर में गैंग के हथियार बेचकर पैसे कमाने वाला था। इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने डीएसटी टीम के साथ मिलकर 16 अक्टूबर की शाम को महेश नायक को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी महेश सीकर में कलर-पेंटिंग का काम करता है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है, जिससे पूछताछ जारी है। अब पढ़ें ग्रुप को कैसे किया जॉइन दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल के पड़ोसी को मारने का भी था प्लान, गैंग के लोग हुए गिरफ्तार आरोपी महेश नायक ने पूछताछ में बताया- करीब 6-7 साल पहले सीकर में कलर-पेंटिंग का काम करता है। इस दौरान विवेक के पास जाता रहता था। इसके बाद विवेक सीकर से दिल्ली चला गया था। इसके बाद विवेक ने फोन करके मुझे दिल्ली बुला लिया था। वहां नमकीन फैक्ट्री में मुझे नौकरी लगवाई। जानकारी के अनुसार- हालांकि कुछ महीने ही महेश ने वहां नौकरी की और फिर कैटरिंग का काम करने लगा। विवेक ने इस दौरान महेश की मुलाकात लॉरेंस गैंग के बदमाश प्रशांत से करवाई। साल 2023 में प्रशांत सहित अन्य बदमाशों ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के घर के पास रहने वाले एक आदमी का मर्डर करने की प्लानिंग बनाई थी। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले ही गैंग के लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया था। महेश उस समय नाबालिग था। फेसबुक पर ग्रुप जॉइन कराया, एप डाउनलोड करवाए जानकारी के अनुसार- दिल्ली में मर्डर की प्लानिंग के आरोपी प्रशांत और उसकी गैंग के लोगों की जब कोर्ट में पेशी हुई, तब महेश नायक वहां पर गया। तब गैंग के लोगों ने फेसबुक पर राहुल मीणा का ग्रुप फॉलो करने के लिए कहा। इस पर महेश नायक ने वह ग्रुप फॉलो कर लिया। इसके बाद राहुल मीणा को सिग्नल और जंगी एप डाउनलोड करवाया गया। इन एप से महेश ने गैंग के लोगों से बातचीत करना शुरू कर दिया। झारखंड में मर्डर के लिए हथियार दिए, गिरफ्तारी के डर से वापस आया इसके बाद अगस्त 2026 को महेश नायक को कहा गया कि झारखंड में एक सटोरिए का मर्डर करने के बदले 50 लाख रुपए मिलेंगे। ऐसे में गैंग के लोगों के कहने पर महेश सीकर से झारखंड चला गया। झारखंड में 3 अक्टूबर को पहुंचने पर महेश को गैंग के लोगों ने हथियार दे दिए। इसके बाद उसने लोकेशन मिलने का इंतजार किया। जब लोकेशन नहीं मिली तो महेश नायक ने सोचा कि यदि वह झारखंड में मर्डर कर देगा और गिरफ्तार हो जाएगा तो जिंदगीभर जेल में रहेगा। ऐसे में उसने मोबाइल से सिग्नल, जंगी एप को अनइनस्टॉल कर दिया और मोबाइल बंद करके झारखंड से वापस सीकर आ गया। मर्डर के लिए मिले हथियार बेचते पकड़ा जानकारी के अनुसार- सीकर आने के बाद आरोपी महेश नायक ने सोचा कि वह मर्डर के लिए मिले हथियारों को बेचकर पैसे कमाएगा। इसलिए वह हथियार बेचने कहीं जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने 16 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को उससे दो हाईटेक पिस्टल, 4 मैग्जीन और 15 कारतूस मिले थे।
यह खबर भी पढ़ें... सीकर में लॉरेंस गैंग का गुर्गा हथियारों के साथ गिरफ्तार:सटोरिए का मर्डर करने झारखंड भेजा था, टारगेट लोकेशन नहीं मिलने पर वापस आया सीकर की कोतवाली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने लॉरेंस विश्नोई गैंग के गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी को झारखंड के रांची में एक सटोरिए के मर्डर के लिए भेजा गया था। (पूरी खबर पढ़ें)