सीकर के कोतवाली थाना इलाके में बजाज रोड पर स्थित सूर्य मंदिर से 125 साल पुरानी सूर्य भगवान की मूर्तियां और छत्र चोरी के मामले में पुलिस ने 10 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ऑटो लेकर वारदात करने के लिए आए थे। आरोपी स्मैक का नशा करने के लिए चोरी करते हैं। मंगलवार देर रात को आरोपियों ने सूर्य मंदिर में चोरी की थी। कोतवाली थाना SHO सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया- बुधवार सुबह पुलिस थाने में सूचना मिली की मंगलवार रात करीब 1 से सुबह 4:30 बजे के बीच सूर्य मंदिर में चोरों ने मूर्तियां चोरी कर ली। चोरों ने पास में ही एक दुकान के काउंटर का लॉक तोड़कर एक पुराना मोबाइल सहित अन्य सामान भी चोरी कर लिया था। मूर्तियां काफी पुरानी थी, ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम के द्वारा CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर मामले में 2 आरोपियों को आईडेंटिफाई किया गया। इसके बाद बुधवार को DST टीम के साथ मिलकर चोरी करने वाले दो आरोपी अमीर(30) पुत्र दिनेश वाल्मीकि निवासी वार्ड नंबर 42 नवलगढ़ रोड पुलिया के पास और मोहसिन धोबी(38) पुत्र निजामुद्दीन धोबी निवासी खिरोड़ हाल निवासी फतेहपुर रोड को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी स्मैक के आदतन नशेड़ी आरोपी अमीर और मोहसिन दोनों स्मैक के आदतन नशेड़ी हैं। आरोपियों ने पहले दोपहर में रेकी की इसके बाद रात को 1 से 4:30 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी चोरी करने के लिए ऑटो लेकर आए थे और फिर इसी में बैठकर फरार हो गए थे। आरोपी की गिरफ्तारी कोतवाली पुलिस थाने के कांस्टेबल दिनेश और DST टीम के हरीश की विशेष भूमिका रही।