सीकर में लगातार मौसम बदल रहा है। आज सुबह से हल्के बादल छाए है। सोमवार शाम हुई बारिश के बाद भी गर्मी से हल्की राहत मिली है। जिलेभर में रुक-रुककर हवा चल रही हैं और छितराए बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने जिले में 2 दिन तक हल्की बारिश की संभावना बताई है। आज सुबह से हवा चलने से गर्मी से मामूली राहत है। जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सुबह का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले सोमवार को न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे में सीकर में दिन-रात के तापमान में काफी बदलाव देखने को मिला है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार, सीकर में अब 2 दिन हल्की बारिश होने का अनुमान है। आमजन अभी उमस और गर्मी से प्रभावित हैं। इस बार सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक औसत से भी 9% कम बारिश हुई है। राजस्थान में इस साल मानसून की छितराई बारिश हो रही है। मानसूनी एयर सिस्टम का प्रेशर बार-बार बदलने की वजह से अच्छी बारिश देखने को नहीं मिली।