भंवरगढ़| कस्बे समेत आसपास के ग्रामीण अंचल में शारदीय नवरात्र के दौरान सजे मां दुर्गा के पांडालों में बुधवार सुबह महाआरती के बाद प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम हुए। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कस्बे के अलग-अलग स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद विसर्जन किया गया। पिछले दस दिनों से पांडालों में धार्मिक आयोजन चल रहे थे। विसर्जन के मौके पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, डीजे, बैंड-बाजों के साथ शोभायात्राएं निकालीं। श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते चले। विशाल मंडल के अनुसार पांडालों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। वहीं क्षेत्र के घट्टी गांव में दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर बंगाली परिवारों की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला मनाया। बंगाली समाज की महिलाएं और पुरुष पारंपरिक पोशाक पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुए। मां दुर्गा की दशमी पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर अखंड सौभाग्य की कामना की। उत्सव में बंगाली संस्कृति की झलक दिखी। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।