सिरोही जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ ने आगामी पंचायत चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वे माकरोड़ा, धांता, ईसरा, तेलपीखेड़ा, कृष्णगंज और वाडेली सहित कई ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पहुंचे। यहां उन्होंने बूथों की व्यवस्थाएं देखीं और कार्मिकों को व्यवस्थाएं ठीक रखने, जरूरी सुविधाएं देने और अपने काम गंभीरता से करने के निर्देश दिए। ईसरा गांव में कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीणों से बातचीत भी की। कलेक्टर ने उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उन्हें हल करने के निर्देश दिए। अपने बीच कलेक्टर और एसपी को पाकर ग्रामीण काफी खुश दिखे। इस दौरे के समय पुलिस उप अधीक्षक, विकास अधिकारी, उप पंजीयक सिरोही, संबंधित ग्राम पंचायत के पीईईओ, पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।