राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर ने महात्मा गांधी विद्यालयों में कार्यरत करीब 60 शिक्षकों को राहत दी है। कोर्ट ने उन्हें उनके मूल विभाग में वापस भेजने का आदेश दिया है। ये शिक्षक सिरोही जिले के हैं। शिक्षकों ने एक साल की अवधि पूरी होने के बाद अपने मूल विभाग में वापसी के लिए आवेदन किया था, लेकिन शिक्षा अधिकारियों ने उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिकाएं लगाईं। एडवोकेट अभिमन्युसिंह देवड़ा ने कोर्ट को बताया कि शिक्षकों को नियमों के खिलाफ रोका जा रहा है। उन्होंने टीना कुमारी बनाम राजस्थान सरकार मामले में हाईकोर्ट के पहले के आदेश का हवाला दिया। हाईकोर्ट ने सभी दलीलें सुनने के बाद दर्जनों याचिकाएं मंजूर कर लीं। कोर्ट ने राजस्थान सरकार के अधिकारियों को चार हफ्ते के अंदर इन शिक्षकों को उनके मूल विभाग में भेजने का निर्देश दिया है।