जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में देसी शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में एक हेडकांस्टेबल के सिर में चोट आ गई। घटना 28 अक्टूबर की है। हमला करीब 20-21 महिला और पुरुषों द्वारा किया गया। पुलिस की डीएसटी टीम सीतापुरा में नारायण बाबा की ढाणी के पास एख खेत में पुलिस कार्रवाई के लिए गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे सरकारी बोलेरो का शीशा टूट गया। घटना में हेडकांस्टेबल मान सिंह के सिर और चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों को छुड़ाने का आरोप शिवदासपुरा थाने की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 अक्टूबर को जिला स्पेशल टीम(डीएसटी) के हेड कॉंस्टेबल मान सिंह अपनी टीम के साथ सरकारी बोलेरो से सीतापुरा स्थित नारायण बाबा की ढाणी पहुंचे थे। वहां पुलिस टीम हथकड़ (देसी) शराब के मामले में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मौके पर मौजूद चार लोगों के पास शराब होने की बात सामने आई। पुलिस ने दो व्यक्तियों को मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों को छुड़ाने लगे ग्रामीण आरोप है कि कार्रवाई के दौरान नारायण बाबा की ढाणी और आसपास की ढाणियों से करीब 20 से 21 लोग मौके पर पहुंच गए। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। भीड़ ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए पकड़े गए राहुल मीणा और मुकेश मीणा को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई , पत्थर फेंके गए। पुलिसकर्मी घायल, बोलेरो का शीशा टूटा घटनाक्रम के दौरान सरकारी बोलेरो का शीशा टूट गया। हेडकांस्टेबल मान सिंह के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। रिपोर्ट में आरोप है कि विरोध करने वाले लोग राहुल मीणा और मुकेश मीणा को छुड़ाकर ले गए। इसके साथ ही अपाची मोटरसाइकिल भी अपने साथ ले जाने का उल्लेख है। इन आरोपियों के नाम आए सामने पुलिस रिपोर्ट में राहुल मीणा, मुकेश मीणा, नरसी, पप्पू मीणा, कृष्ण, विष्णु, बनवारी, कैलाशराम उर्फ बनवारी, विकास उर्फ पोला मीणा सहित अन्य लोगों के नाम दर्ज हैं। रिपोर्ट में महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। हालांकि, उपलब्ध विवरण में सभी नामों का क्रम स्पष्ट नहीं है। शिवदासपुरा थाना एसएचओ राजेश गौतम ने बताया कि हथकड़ शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की है। आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।