बालोतरा जिले के सिवाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। रात करीब 11 बजे सिवाना से कुसीप की ओर जा रहे एक बाइक सवार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने घायल को सिवाना उप जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बालोतरा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बालोतरा में भी स्थिति गंभीर बनी रहने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर भेजा गया। घायल की पहचान भीमगौड़ा निवासी हनुमानराम माली (40) पुत्र जीवाराम माली के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सिवाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।