गर्मी में बढ़ती मौसमी बीमारियों और मरीजों की भीड़ देखते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में अब इवनिंग में भी ओपीडी का संचालन होगा। ये ओपीडी रोज शाम 5 से 7 बजे तक संचालित होगी। हेल्थ डिपार्टमेंट की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ गुरुवार को SMS हॉस्पिटल की व्यवस्था देखने जब पहुंची तो मरीजों को देखकर उन्होंने ये निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हॉस्पिटल में दवाइयों के काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए, लेकिन काउंटर पर दवाइयों की कमी पर वे मौन रहीं। दरअसल, विजिट के दौरान जब प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ दवाइयों के काउंटर नंबर 10, 11 पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में भीड़ दिखी। इस पर उन्होंने पूछा- यहां इतनी भीड़ क्यों है? इस दौरान वहां जमीन पर बैठे कुछ मरीज और उनके परिजन ने बताया कि काउंटर पर दवाइयां उपलब्ध नहीं होने के कारण वे बाहर लाइन में लगे हैं। इस पर प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने SMS हॉस्पिटल के प्रिंसिपल और दूसरे प्रशासनिक व्यवस्था में लगे डॉक्टरों से बात की। इस पर जानकारी मिली कि बड़ी मात्रा में आवश्यक दवाइयां (मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना में लिस्टेड) सप्लाई में नहीं आ रही। इस कारण मरीजों को स्थानीय स्तर पर खरीद करके दवाइयां काउंटर नंबर 10, 11 से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इवनिंग ओपीडी में जनरल मेडिसिन के बैठेंगे डॉक्टर विजिट के दौरान मरीजों की भीड़ देखते हुए प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने ओपीडी के समय में बढ़ोतरी पर चर्चा की। इस पर SMS हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया- मौसमी बीमारी को देखते हुए यहां इवनिंग ओपीडी का संचालन पहले किया जा चुका है। ऐसे में गर्मियों में भी इसे शुरू किया जा सकता है। इससे मरीजों को काफी फायदा होगा और इलाज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस सुझाव के बाद प्रिंसिपल सेक्रेट्री राठौड़ ने शाम 5 से 7 बजे तक ओपीडी का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। ये भी दिए निर्देश