जयपुर में हाल ही आई आंधी के कारण सवाई मानसिंह स्टेडियम में कई फ्लैक्स और होर्डिंग्स गिर गए। इससे प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। वहीं 1 मई को खेले गए IPL मैच के दौरान स्टेडियम की नॉर्थ ईस्ट स्टैंड की फ्लड लाइट अचानक कुछ सेकेंड के लिए बंद हो गई थी। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण मैच को करीब 40 सेकंड तक रोकना पड़ा था। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई, लेकिन इस घटना ने स्टेडियम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए थे। इन तकनीकी खामियों और हाल की बारिश से हुए नुकसान के बाद खेल परिषद और राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन व्यवस्था सुधारने में जुट गया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले मुकाबलों से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद की जा रही है। बारिश-आंधी से गिर गए थे फ्लैक्स और होर्डिंग्स जानकारी के अनुसार- पिछले दिनों हुई बारिश के बाद स्टेडियम परिसर में लगाए गए राजस्थान रॉयल्स के कई फ्लैक्स और होर्डिंग्स गिर गए थे। इससे न केवल व्यवस्थाओं की पोल खुली, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। अब इन सभी व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए संबंधित टीमें काम में जुट गई हैं। जानकारी के अनुसार- स्टेडियम में फ्लड लाइट सिस्टम की दोबारा जांच की जा रही है। वहीं गिरे हुए फ्लैक्स और होर्डिंग्स को दोबारा मजबूत तरीके से लगाया जा रहा है। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। 9 और 19 मई को होंगे IPL मैच जयपुर में IPL के दो और मुकाबले खेले जाने हैं। 9 मई को राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। वहीं 19 मई को टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इन मैचों को लेकर फैंस में उत्साह है। ऐसे में प्रशासन और फ्रेंचाइजी दोनों ही व्यवस्थाओं को लेकर कोई चूक नहीं छोड़ना चाहते। यह खबर भी पढ़ें... जयपुर में सूर्यवंशी का पहली गेंद पर चौका,अगली पर बोल्ड:राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग हुए चोटिल; दिल्ली ने 7 विकेट से हराया जयपुर के SMS स्टेडियम में 1 मई को खेले गए IPL मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया था। राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। (पूरी खबर पढ़ें)