पाली जिले में सोजत के पास नेशनल हाईवे-162 पर सोमवार शाम दो ट्रॉलों की टक्कर में एक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। शव को बाहर निकालने के लिए दो क्रेन की मदद लेनी पड़ी। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव को केबिन से निकाला जा सका। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जो लगभग 3 घंटे तक रहा। आगे चल रही ट्रॉले के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, हादसा सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। गुजरात के मोरवी से प्लास्टिक दाना भरकर एक ट्रॉला भिवाड़ी जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रही ट्रॉले ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रहा ट्रॉला उससे टकरा गया। हादसे में ब्यावर के खरवा निवासी 25 वर्षीय सुनील रावत की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील ट्रॉला चला रहा था। उसके साथ केबिन में बैठा क्लीनर भगवानसिंह सुरक्षित बच गया। उसे मामूली चोटें आई हैं। दो क्रेन की मदद से निकाला शव, हाईवे पर लगा लंबा जाम टक्कर के बाद सुनील का शव ट्रॉले के केबिन में फंस गया था। उसे निकालने के लिए दो क्रेन की मदद ली गई। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। हादसे के कारण नेशनल हाईवे-162 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 5 किलोमीटर तक जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ब्यावर विधायक शंकरसिंह रावत की गाड़ी भी जाम में फंस गई। सोजत पुलिस मौके पर पहुंची, मोर्च्यूरी में रखवाया शव हादसे की सूचना मिलने पर सोजत थाना प्रभारी देवेंद्रसिंह और सब इंस्पेक्टर गोपालसिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक सुनील रावत का शव सोजत अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया गया है।