श्रीगंगानगर में ड्राई फ्रूट्स के सैंपल लेने को लेकर भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और फूड सेफ्टी टीम के बीच विवाद बुधवार को और बढ़ गया। फूड सेफ्टी टीम एसएसबी रोड स्थित मनुहार मेवा स्टोर (राजस्थान ड्राई फ्रूट्स) पर दोबारा सैंपल लेने पहुंची, लेकिन विधायक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीम को सैंपल नहीं लेने दिए। विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा- कुछ भी हो जाए, सैंपल नहीं लेने देंगे। मैं इनकी नौकरी खा जाऊंगा। इनको गलतफहमी हो रखी है। मैंने आज विधानसभा अध्यक्ष को चिट्ठी लिख दी है। इनको यह नहीं पता कि मैं कौन-सी कमेटी का मेंबर हूं। करीब 5 घंटे तक दुकान के बाहर इंतजार करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम शाम 5 बजे बिना सैंपल लिए लौट गई। कुछ देर विधायक और अन्य लोग भी चले गए। घटनाक्रम के डेढ़ घंटे बाद फूड सेफ्टी ऑफिसर उर्मिला भादू और हेतराम टीम के साथ वापस स्टोर पर कार्रवाई करने के लिए पहुंचे। करीब 1 घंटे चली कार्रवाई के दौरान स्वीट आंवला, कुकीज और क्रीम ट्रफल के लिए सैंपल लिए। विधायक बोले- इन्होंने वसूली का धंधा खोल रखा है फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर की गाड़ी की चाबी छीनने के आरोप पर विधायक ने कहा- अगर मैंने इनकी चाबी छीन ली थी तो बाद में ये क्या उड़न खटोले से गई थीं क्या। इन्होंने वसूली का धंधा खोल रखा है और बिना वजह दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है। विधायक बोले- सरकारी कर्मचारी मीडिया के सामने नहीं आ सकता विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा कि कोई भी सरकारी कर्मचारी मीडिया के सामने नहीं आ सकता। फूड इंस्पेक्टर मीडिया के सामने आकर विधायक पर आरोप लगा रही है। विधायक ने कहा- उन्हें आरोपों का जवाब देना आता है। सभापति बोले- विधायक पर लगाए गए आरोप झूठे नगर परिषद सभापति अजय दावड़ा ने कहा - महिला अधिकारी आरोप लगा रही है कि विधायक ने उनका हाथ पकड़कर बाहर निकाला। ये राम मंदिर पर हाथ रखकर कह दें कि विधायक ने इनका हाथ पकड़ा। ये अधिकारी को बचाने के लिए महिलाओं को आगे कर रहे हैं। सभापति ने कहा कि महिला अधिकारी होने का मतलब यह नहीं है कि वे किसी पर भी दबाव बना सकती है। हमारे घरों में भी बहन-बेटियां हैं और हमें उनकी इज्जत करना आता है। उन्होंने विधायक पर लगाए गए सभी आरोपों को झूठा बताया। विधायक के पहुंचने पर दुकान के बाहर भीड़ जुटी विवाद की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी दीपक शर्मा, सदर थानाधिकारी सुभाषचंद और एसआई जयवीर शिला भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ड्राई फ्रूट्स स्टोर के अंदर और बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। विधायक जयदीप बिहाणी ने मौके पर पहुंचे एसआई जयवीर शिला को भी स्टोर से बाहर जाने के लिए कह दिया। विधायक ने कहा कि यहां पुलिस का कोई काम नहीं है। इसके बाद एसआई बाहर निकल गए। विधायक ने खुद ड्राई फ्रूट्स खाकर उनकी गुणवत्ता सही बताई। सीएमएचओ बोले- स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया - मंगलवार (27 अक्टूबर) को शहर में जब यह घटनाक्रम हुआ, उस समय वे जयपुर में थे। बुधवार सुबह उन्होंने फूड इंस्पेक्टर से पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक जयदीप बिहाणी से खुद बात करेंगे और अपना पक्ष रखेंगे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कलेक्टर से मुलाकात के बाद दोबारा सैंपल लेने पहुंची टीम जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला बुधवार सुबह फूड इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव से मिले थे। इसी दौरान कमिश्नर ने कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम दोबारा मनुहार मेवा स्टोर पर सैंपल लेने पहुंची थी। --- ये खबरें भी पढ़ें … 1. विधायक जयदीप बिहाणी ने फूड सेफ्टी टीम को भगाया:इंस्पेक्टर बोलीं- ड्राई फ्रूट्स के सैंपल नहीं लेने दिए, धमकी दी; MLA बोले-बिना परमिशन आए थे श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी ने बिना एक्सपायरी डेट और लेबलिंग वाले ड्राई फ्रूट्स की जांच करने पहुंची फूड सेफ्टी टीम को भगा दिया। पूरी खबर पढ़िए 2. भाजपा विधायक भड़के, खत्री समाज के अध्यक्ष को भगाया:श्रीगंगानगर में सभापति के शपथ ग्रहण समारोह में विवाद, मंच पर बुके फेंके श्रीगंगानगर में नगर परिषद सभापति और उपसभापति के शपथ ग्रहण समारोह में विवाद हो गया। भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी खत्री समाज के अध्यक्ष ललित बहल पर भड़क गए। पूरी खबर पढ़िए