श्रीगंगानगर में सोमवार को लोग एसपी ऑफिस पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने एसपी से कहा कि शहर के सद्भावना नगर सेक्टर 3 में बदमाश रात में बुलेट बाइक पर चक्कर काटते हैं और साइलेंसर से पटाखे फोड़ते हैं। लोगों ने बदमाशों के आतंक से निजात दिलाने की गुहार लगाई। लोगों का कहना है कि बदमाश मोहल्ले में नाबालिग लड़कियों को छेड़ते हैं। शुक्रवार 10 जुलाई की रात कॉलोनी के लोगों ने बदमाशों को रोका तो 15-20 बदमाशों ने मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया। इस हमले में 2 युवक घायल हो गए। बदमाशों के सीसीटीवी वीडियो भी सामने आए हैं। कोतवाली थाना इंचार्ज बोले- बदमाशी चलने नहीं देंगे स्थानीय लोगों का कहना है कि टोकने पर बदमाशों ने लोहे के धारदार हथियार लेकर कई लोगों पर हमला किया। हमले में दो युवक घायल हो गए थे। कोतवाल तेजवंत सिंह ने बताया- अभी एक युवक घायल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। बदमाशों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई करेंगे। शहर में बदमाशी नहीं चलने देंगे। अगर किसी ने भी शांति भंग करने की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।