श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस पर कल (रविवार) को शहर में 'रन फॉर फिट गंगानगर' मैराथन का आयोजन होगा। पुलिस लाइन में होने वाले इस आयोजन में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ के जज हरमीत सिंह देओल, मेजर जनरल अनुज कालिया (वीएसएम, जीओसी) और बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मैराथन को लेकर शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित बिब एक्सपो में प्रतिभागियों का उत्साह देखने को मिला। जहां पर रजिस्टर्ड धावकों को टी-शर्ट, किट और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की गई। साथ ही उन्हें दौड़ के रूट और आयोजन से जुड़ी जानकारी दी गई। सुबह 5:15 बजे शुरू होगी हाफ मैराथन जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया- फिट गंगानगर सोसायटी की ओर से आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य आमजन को फिटनेस, स्वास्थ्य और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना है। प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित दौड़ के समय से एक घंटा पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों की दौड़ का समय निर्धारित किया गया है। इसके तहत 21 किलोमीटर हाफ मैराथन सुबह 5:15 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ सुबह 5:45 बजे और 5 किलोमीटर दौड़ सुबह 6:15 बजे शुरू होगी। इसके बाद सुबह 7 बजे फन रन आयोजित की जाएगी, जिसमें एंट्री फ्री रहेगी। हाफ मैराथन के विजेता को 31 हजार रुपए इनाम 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 31 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर 21 हजार रुपए और तृतीय स्थान पर 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम विजेता को 21 हजार रुपए, द्वितीय को 11 हजार रुपए और तृतीय को 5,100 रुपए मिलेंगे। वहीं, 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान पर 11 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर 5,100 रुपए और तृतीय स्थान पर 3,100 रुपए का पुरस्कार निर्धारित किया गया है। पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 18 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।