जिला स्पेशल टीम व पदमपुर पुलिस ने श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर में कार्रवाई करते हुए एक बिल्डिंग से जुआ खेल रहे 13 जनों को पकड़ा है। इनमें कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी रही चिंकी अरोड़ा के पति राजकुमार उर्फ राजू वधवा भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों की नगदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। यह कार्रवाई इंदिरा कॉलोनी स्थित मनन एंटरप्राइजेज की बिल्डिंग में की गई है। जानकारी के अनुसार- डीएसटी को सूचना मिली थी कि इंदिरा कॉलोनी स्थित मनन एंटरप्राइजेज की बिल्डिंग के ऊपर बने कमरे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। जब पुलिस ने ऊपर जाने वाले रास्ते का दरवाजा खटखटाया और धक्का देकर खोला, तो अंदर कमरे के फर्श पर घेरा लगाकर 13 जने जुआ खेलते हुए मिले। पकड़े गए सभी जुआरियों के हाथों में ताश के पत्ते थे और उनके पैरों के नीचे 500-500 रुपए के नोट दबाए गए थे। पुलिस ने गिनती की तो कुल 7 लाख 55 हजार रुपए मिले। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। कमरा प्रताप राम सिंधी का होना बताया गया, जहां ये लोग संगठित होकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें पदमपुर के वार्ड 7 से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी रही चिंकी अरोड़ा के पति राजकुमार उर्फ राजू वधवा भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकुर कुमार (35) निवासी अनूपगढ़, सुभाष चंद्र (58) निवासी चक 1 एसएचपीडी, पदमपुर/सूरतगढ़, हेमन्त (28) निवासी अनूपगढ़, ज्योति (40) निवासी अनूपगढ़, प्यारे लाल (40) निवासी पदमपुर, लखविन्द्र सिंह (47) निवासी पदमपुर, महेन्द्र सिंह (47) निवासी पदमपुर, गौरव (32) निवासी पदमपुर, राज कुमार (40) निवासी पदमपुर, प्रताप राम (60) निवासी पदमपुर, पंकज कुमार (32) पदमपुर, प्रदीप कुमार (54) निवासी पदमपुर व पंकज कुमार (47) निवासी पदमपुर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।