श्रीगंगानगर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तीसरे चरण के तहत श्रीविजयनगर, सूरतगढ़ और राजियासर पंचायत समिति क्षेत्र की 102 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला। देर रात तक रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। गांवों की सरकार चुनने के लिए गुरुवार को ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कहीं बुजुर्ग लाठी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे तो कहीं युवाओं ने पहली बार वोट डालकर लोकतंत्र के इस उत्सव में भागीदारी निभाई। शाम 6 बजे तक श्रीविजयनगर में 87.01 प्रतिशत मतदान हुआ। सूरतगढ़ में 90.39 और राजियासर ने 90.99 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 2 लाख 83 हजार 185 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र थे। मतदान के साथ ही सरपंच और पंच पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। अब सभी की नजरें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। 80 साल के भादर राम भाई के साथ पहुंचे वोट डालने सूरतगढ़ के पीपेरन गांव में लोकतंत्र के प्रति उत्साह की मिसाल देखने को मिली। यहां 80 साल के भादर राम अपने भाई के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 19 साल की कुमकुम ने पहली बार डाला वोट सूरतगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मानकसर में 19 साल की युवती कुमकुम ने पहली बार मतदान किया। पहली बार वोट डालने को लेकर उनमें खास उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग मतदाताओं से लेकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं तक, सभी ने गांव की सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभाई। मतदान के बाद अब हो रही मतगणना मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना हो रही है। मतगणना के बाद सरपंच और पंच पदों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव करवाया जाएगा। अब तक का मतदान प्रतिशत