श्रीगंगानगर जिले की समेजा कोठी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएनटीएफ चौकी श्रीगंगानगर यह सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। एसपी हरीशंकर ने बताया- जिले में नशे की रोकथाम और तस्करी में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। बस स्टैंड के पास गश्त के दौरान मिली सूचना पुलिस के अनुसार- समेजा कोठी थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम थाने के स्टाफ के साथ गश्त कर रही थी। इसी दौरान एएनटीएफ चौकी श्रीगंगानगर के कांस्टेबल अवतार सिंह की सूचना पर बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पुलिस ने महिला आरोपी गुरविंदर कौर (42) उर्फ सनी निवासी 8 पीएसडीबी, रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) को पकड़ा है। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम हेरोइन बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने महिला के खिलाफ समेजा कोठी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस थाना मुकलावा के थानाधिकारी हेमलता को सौंपी गई है।