श्रीगंगानगर में श्री सनातन धर्म महावीर दल की ओर से 75वां विजय दशमी महोत्सव 20 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। सुखाड़िया सर्कल स्थित रामलीला मैदान में शाम 3 बजे से होने वाले इस आयोजन में 70 फीट ऊंचे रावण और 65-65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार पुतलों में 3D स्वरूप के साथ इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी होगी। संस्था के प्रधान कृष्ण लीला ने बताया- श्री सनातन धर्म महावीर दल पिछले 74 वर्षों से लगातार श्रीगंगानगर में विजय दशमी महोत्सव का आयोजन कर रहा है। इस बार 75वें आयोजन को खास बनाने के लिए पुतलों को आकर्षक रूप दिया गया है। दहन के दौरान रावण की आंखों से अंगारे निकलेंगे और नाभि से चक्र चलने का दृश्य दिखाई देगा। वहीं, कुंभकर्ण और मेघनाथ की आंखों से भी अंगारे बरसेंगे। रावण के पुतले को पारंपरिक राजस्थानी धोती और जूती पहनाई गई है। दोपहर 1 बजे निकलेगी राम-रावण की सवारी कार्यक्रम संयोजक रामगोपाल पांडूसरिया ने बताया कि हनुमान राम नाटक समिति की ओर से भगवान राम और लंकापति रावण के स्वरूपों की सवारी दोपहर 1 बजे महावीर दल से रवाना होगी। यह सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां राम-रावण युद्ध, ध्वज पूजन और लंका दहन के बाद रावण, कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का भव्य दहन किया जाएगा। इस दौरान रंगीन आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। विजय दशमी महोत्सव में विधायक जयदीप बिहाणी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सांसद कुलदीप इंदौरा, प्रह्लाद टाक, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़, पुलिस अधीक्षक हरीशंकर यादव, पूर्व मंत्री हीरालाल इंदौरा, नगर परिषद सभापति अजय दावड़ा और मुकेश शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।