वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से शनिवार को श्रीगंगानगर जिले में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिले में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है। कभी घने बादल छा रहे हैं तो कभी धूप निकल रही है। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड मौसम रडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा था। इससे पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। अगले सप्ताह से बदलेगा मौसम जिले में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव होगा और ठंड शुरू हो जाएगी। हालांकि, अभी सुबह और शाम के समय अब हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रात के समय लोगों ने पंखे, कूलर और एसी चलाना भी बंद कर दिया है। मौसम में बदलाव के साथ ही तापमान में गिरावट आने और ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। रबी फसलों की बिजाई ने पकड़ा जोर जिले में खरीफ फसलों की कटाई लगभग पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही खेतों में रबी फसलों की बिजाई का काम तेज हो गया है। क्षेत्र में सरसों, चना और गेहूं की बिजाई ने जोर पकड़ लिया है।