श्रीगंगानगर में रूस भेजने वाले इमिग्रेशन कंसल्टेंट को ही उसके द्वारा रूस भेजे गए युवकों ने मिलकर लूट लिया। आरोपी युवकों ने एजेंट की लग्जरी कार, सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और ऑफिस की चाबियां छीन लीं। रातभर शहर घुमाने के बाद सेक्टर-17 में धक्का देकर गाड़ी से नीचे फेंक दिया। समझिए क्या था पूरा मामला- वर्क वीजा पर रूस भेजा था: न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट, श्रीगंगानगर में दी शिकायत में कपिल बंसल (37), निवासी आरवी-11, रिद्धि सिद्धि प्रथम, श्रीगंगानगर ने बताया कि वह सेक्टर-17 में इमिग्रेशन का काम करते हैं। उन्होंने करीब 2 माह पहले हरदीप सिंह, कुलबीर सिंह, अभिषेक सारस्वत, पवन सोनी समेत 4 अन्य युवकों को वर्क वीजा पर रूस भेजा था। युवक 15-20 दिन काम करने के बाद इंडिया वापस आ गए। 8 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे जब कपिल बंसल सेक्टर-17 में अपने दोस्त की दुकान पर बैठे थे, तभी सभी आरोपी वहां पहुंचे। आरोपियों ने कपिल से कहा कि आपसे कुछ जरूरी बात करनी है और पड़ोस के कैफे में ले गए। रात 7 बजे तक बातों में उलझाए रखा। गाड़ी-चाबी छीनी, लूटपाट की: इसके बाद आरोपीयों ने कपिल की गाड़ी की चाबी, मोबाइल, हाथ की सोने की अंगूठी और गले की सोने की चेन छीन ली। ऑफिस की चाबियां भी जबरन ले लीं। आरोपीयों ने गाड़ी अपने नाम करवाने का दबाव बनाया और चिमन चावला नामक स्टांप वेंडर के पास ले गए। शिकायतकर्ता के इशारे पर स्टांप वेंडर ने दस्तावेज देने से इनकार कर दिया। आरोपीयों ने फिर कपिल को जबरन अपनी गाड़ी में बिठाया और पूरे शहर में घुमाते रहे। रात 11:30 बजे सेक्टर-17 में पहुंचकर उन्हें धक्का देकर गाड़ी से नीचे गिरा दिया और RJ-13 CF 1942 नंबर की कार, जेवर व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। उनके पास दो अन्य गाड़ियां भी थीं। आरोप- पुलिसवाले भी चक्कर कटवाते रहे: शिकायतकर्ता किसी तरह थाना जवाहरनगर पहुंच गया, लेकिन वहां से उसे सदर थाने भेज दिया गया। सदर थाने में शिकायत देने पर आरोपी हरदीप सिंह, कुलबीर सिंह, दीपचंद व गुरसेवक सिंह थाने पहुंच गए और हाथ जोड़कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। आरोपियों ने मोबाइल तो लौटा दिया, लेकिन परिवादी से एक और डॉक्यूमेंट लिखवाया, जिसकी पूरी डिटेल शिकायतकर्ता को समझ नहीं आई, क्योंकि वह बुरी तरह घबराया हुआ था। आरोपी मामला दर्ज नहीं करवाने की धमकियां दे रहे हैं। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सतवीर सिंह कर रहे हैं।