बारां| जिले में एचयूआरएल द्वारा 20 अक्टूबर को 1750 मैट्रिक टन डीएपी व बुधवार को आईपीएल द्वारा लगभग 1700 मैट्रिक टन कुल 3450 मैट्रिक टन में से लगभग 500 मैट्रिक टन विभिन्न क्रय-विक्रय सहकारी समिति व लगभग 3000 मैट्रिक टन निजी क्षेत्र में उपलब्ध कराया गया है। जिनका वितरण किसानों को किया जा रहा है। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राजेश विजय ने बताया कि वर्तमान में यूरिया 15795 मैट्रिक टन, डीएपी 5389 मैट्रिक टन, म्यूरेट ऑफ पोटाश 726 मैट्रिक टन, एनपीके 7357 मैट्रिक टन व सिंगल सुपर फास्फेट 10160 मैट्रिक टन उर्वरक विभिन्न सहकारी एवं निजी विक्रेताओं के यहां उपलब्ध है। डीएपी उर्वरक प्राप्त होने के उपरान्त जिले के सभी 8 ब्लॉक में मांग अनुसार आवंटन किया जाएगा। जिले में लगातार यूरिया उर्वरक की आपूर्ति विभिन्न संस्थाओं द्वारा की जा रही है। किसानों को आधार कार्ड व जमीन की नकल के आधार पर अधिकतम 5 बैग डीएपी व 10 बैग यूरिया बिना किसी अटैचमेंट के विक्रेताओं द्वारा किसानों को वितरित किया जा रहा है। क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो रहा है।