सूरतगढ़ के पुराना बाजार के कोठारी मोहल्ले स्थित प्राचीन सत्यनारायण भगवान मंदिर के नवनिर्माण के उपरांत बुधवार को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। मंदिर कमेटी के तत्वावधान में हुए इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में आनंद धाम संस्कृत वेद स्कूल के आचार्य बलवीर शास्त्री के सानिध्य में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर मूर्ति स्थापना करवाई गई। इस दौरान पंडित निर्मला जोशी, गोपाल कृष्ण, संदीप कुमार, हितेश शर्मा, प्रिंस और त्रिभुवन शर्मा सहित विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूरे विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया। हवन हवन में यजमान माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष कमल-उर्मिला कोठारी, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश-लक्ष्मी राठी, मदन-कृष्णा सारड़ा, मनीष-भाग्यश्री चांडक, दीनदयाल-द्रोपती पांडिया, रमाकांत सोनी-मीना सोनी, बबलू मित्तल-तनुजा मित्तल, योगेश-प्रियंका ओझा, गणेश-प्रेमलता चांडक, सुरेन्द्र-कृष्णा कोठारी ने हवन में आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल चांडक, पूर्व पालिका अध्यक्ष काजल छाबड़ा, पूर्व पार्षद सुनील छाबड़ा, दीनबंधु राठी, रतनलाल सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक व धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। महा आरती के पश्चात काजल छाबड़ा व सुनील छाबड़ा परिवार की ओर से लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हलवा, पूरी और सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। लंगर सेवा में समाजसेवियों व युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया। श्री सत्यनारायण मंदिर सेवा समिति के सुरेंद्र कोठारी व बाबूलाल बाहेती ने सभी यजमानों, दानदाताओं और सेवादारों का आभार व्यक्त किया।