सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र के तरूंगी गांव में बाइक पर जा रहे पिता-पुत्र पर हमला कर उनका किडनैप कर लिया गया। आरोपियों ने उनसे मारपीट की और नकदी व मोबाइल लूट लिए। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार तरूंगी निवासी सवाराम पुत्र गजाराम रेबारी ने बताया कि उनके भाई लालाराम और भतीजा रणछोड़ बाइक से भारजा जा रहे थे। जीयणा वाला कुएं के पास दो बाइक और एक कार में सवार लोगों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने पहले मारपीट की, फिर उनका अपहरण कर मोडाराम के घर ले गए, जहां एक कमरे में बंद कर उन्हें बुरी तरह पीटा। 60 हजार रुपए और मोबाइल लूटे हमलावरों ने पीड़ितों से करीब 60 हजार रुपए नकद और मोबाइल लूट लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें रघुराम, चतराराम, जीवाराम, गेना, जोधाराम, माला, मोडाराम, नरेगा, जवाना, संग्रामा और कंचना शामिल हैं। पीड़ित परिवार छिपकर इलाज करवा रहा परिवादी ने एसपी को दिए परिवाद में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने पिता-पुत्र को छोड़ने के बदले 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। पीड़ितों की गंभीर हालत के कारण उन्हें आबूरोड और पालनपुर ले जाया गया, जिसके चलते यह तथ्य शुरुआती FIR में दर्ज नहीं हो पाया था। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों जैसे पिस्टल और बंदूक का प्रदर्शन करते हैं। इस संबंध में पुलिस को एक पेन ड्राइव भी सौंपी गई है। आरोपियों के डर से पीड़ित परिवार छिपकर इलाज करवा रहा है। पुलिस ने फिलहाल रास्ता रोकने, अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।