एवजी चालक के भरोसे चलने वाली रोडवेज बस में यात्रियों के बिना टिकट सफर करने का मामला सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई की है। जांच में बस में कुछ यात्री बिना टिकट मिले। इसके बाद परिचालक शैलेष को मार्क कर उसकी फाइल डूंगरपुर भेजी जा रही है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई का मतलब परिचालक को ब्लैकलिस्ट करना है। चालक के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए मामला डूंगरपुर भेजा गया है। रोडवेज अधिकारी हरिसिंह सांखला ने बताया कि रोडवेज के चीफ मैनेजर गजेंद्र सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद जांच की गई, जिसमें कुछ यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। इस पर परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने 19 अक्टूबर के अंक में इस मामले का खुलासा किया था। इसके बाद विभाग ने जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर डिपो की एक रोडवेज बस बांसवाड़ा होते हुए झालावाड़ जाती है। बस का मूल चालक राजेश है, जबकि आने-जाने के दौरान बस को एवजी चालक रमेश चलाता है।