गुर्जर की थड़ी से ज्योतिबा फुले सर्किल जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग जयपुर में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन गुर्जर की थड़ी से ज्योतिबा फुले सर्किल तक जाने वाली 80 फीट चौड़ी सुल्तान नगर रोड खुद बदहाली की शिकार है। एक तरफ नगर निगम का कचरा ट्रांसफर स्टेशन है, दूसरी तरफ निर्माण एवं तोड़फोड़ के मलबे (सीएंडडी वेस्ट) के ढेर। इनके बीच सड़क तीन साल से टूटी पड़ी है। हालत ऐसी है कि एक से डेढ़ फीट गहरे गड्ढों से बोलेरो जैसी ऊंची गाड़ी निकालना भी मुश्किल है। स्थानीय लोग इसे अब ‘कचरा रोड’ कहने लगे हैं। सड़क के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी जेडीए की है, जबकि ट्रांसफर स्टेशन के आसपास सफाई और कचरे के व्यवस्थित परिवहन की जिम्मेदारी नगर निगम की। इसके बावजूद न सड़क सुधर रही है, न गंदगी हट रही है। खास बात यह है कि इलाके से चुनी गई पार्षद शशि शर्मा ने निगम चुनाव में प्रचार भी यहीं से शुरू किया था और सड़क की तस्वीर बदलने का वादा किया था। कचरे के बीच वाहन, गंदे पानी से सड़क टूटी; सड़क के दोनों तरफ कचरा और मलबा जमा है। कई जगह गंदा पानी भरने से सड़क उखड़ गई और गड्ढे हो गए हैं। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। सीएंडडी वेस्ट हटाने और दोबारा मलबा डालने वालों पर कार्रवाई भी नहीं हो रही। वैकल्पिक मार्ग चलने लायक नहीं सुल्तान नगर रोड रामनगर और सिविल लाइंस की तरफ से स्वेज फार्म होते हुए गोपालपुरा आने-जाने का महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग है। मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ने पर यह रास्ता दबाव कम कर सकता है, लेकिन मौजूदा हालत में वाहन चालक यहां आने से बच रहे हैं। पास से मेट्रो गुजरती है, लेकिन उसके समानांतर बनी यह 80 फीट सड़क अपनी पूरी क्षमता से इस्तेमाल ही नहीं हो पा रही। 2 विभाग, जिम्मेदारी तय, फिर भी बदहाल सड़क और ड्रेनेज दुरुस्त करने के साथ बीच की ग्रीन बेल्ट से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी जेडीए की है। ट्रांसफर स्टेशन के आसपास नियमित सफाई और कचरे के सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी निगम की गैराज शाखा की है। सीएंडडी वेस्ट डालने वालों पर कार्रवाई निगम की विजिलेंस शाखा को करनी है। जिम्मेदारियां तय होने के बावजूद सुल्तान नगर रोड पर न जेडीए की मरम्मत दिख रही है, न निगम की सफाई। सुल्तान नगर सड़क सुधारने के लिए टेंडर निकाला था, जो कैंसिल हो गया था। दुबारा से प्रक्रिया शुरू की है। जल्द सड़क बनेगी। ट्रांसफर स्टेशन को भी व्यवस्थित किया जाएगा। -शशि मिश्रा, पार्षद वार्ड 88