भास्कर संवाददाता | चूरू बीते सप्ताह लगातार प्री मानसून की गतिविधि दर्ज की गई। लेकिन इस सप्ताह बीते चार दिनों से जिले में लगातार बारिश नहीं हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहे, मगर कहीं भी बारिश नहीं हुई। बादलवाई के बीच धूप का असर तेज रहा तथा हवा का दबाव कम रहने से उमस भरी गर्मी बनी रही, जिसके कारण लोगों के पसीने छूटते रहे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 40.6 दर्ज किया गया।न्यूनतम 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 व न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि तीन जुलाई को उदयपुर, अजमेर व जयपुर संभाग के कुछ और भागों में मानसून आगे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी रेखा उदयपुर, अजमेर व झुंझुनूं जिलों से होकर गुजर रही है। आगामी तीन-चार दिनों में राज्य के शेष अधिकांश भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी तीन-चार दिन अंधड़, मेघगर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। चूरू सहित आसपास के क्षेत्रों में सात जुलाई कहीं-कहीं अंधड़ के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।