टोंक | शहर के व्यस्ततम सुभाष बाजार में नाले पर लगी लोहे की जाली टूटने से राहगीरों और दुकानदारों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार सुबह एक व्यक्ति अचानक टूटी जाली से नीचे गिर गया। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना ने नगर परिषद की लापरवाही पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस स्थान पर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा के ठीक नीचे स्थित यह टूटी जाली लंबे समय से लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। दुकानदारों का आरोप है कि नगर परिषद कार्यालय घटनास्थल से करीब 150 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद कई बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारियों ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया।