डूंगरपुर। लोक सेवा आयोग अजमेर की उप निरीक्षक व प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा का आयोजन जिले में दूसरे दिन सोमवार को भी शांतिपूर्वक हुआ। जिला मुख्यालय पर बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की सख्त निगरानी में परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षा समन्वयक व अतिरिक्त कलक्टर दिनेश धाकड़ के अनुसार, दूसरे दिन प्रथम पारी में पंजीकृत 6807 अभ्यर्थियों में से 4807 उपस्थित रहे, जबकि 2000 अनुपस्थित रहे। इस तरह उपस्थिति प्रतिशत 70.61 रहा। वहीं, द्वितीय पारी में भी 6807 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4776 उपस्थित और 2031 अनुपस्थित रहे, जिससे उपस्थिति 70.16 प्रतिशत दर्ज की गई। गौरतलब है कि परीक्षा के पहले दिन भी उपस्थिति लगभग 70 प्रतिशत ही रही थी। परीक्षार्थियों ने बताया कि दोनों दिन के प्रश्न-पत्र समान स्तर के रहे और परीक्षा का स्तर संतुलित रहा।