राजसमंद जिले के भीम कस्बे में बैंक से 10 लाख रुपए की डकैती के मामले में दो साल से फरार मुख्य आरोपी को छबड़ा पुलिस ने मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली से डिटेन किया है। आरोपी अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह राजसमंद जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल था। छबड़ा पुलिस ने उसे भीम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि आरोपी अजय उर्फ अभय (21) पुत्र चिंटू उर्फ राजेंद्र सांसी मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के गुलखेड़ी, थाना बोड़ा का निवासी है। वर्तमान में वह बारां जिले के छबड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा में रह रहा था। भीम में बैंक डकैती के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर मुंगावली पहुंची टीम: वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बारां एसपी के निर्देश पर छबड़ा सीआई राजेश कुमार खटाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी मुंगावली में एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे डिटेन कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को भीम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। अब राजसमंद पुलिस बैंक डकैती के मामले में उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई करेगी। इस कार्रवाई में सीआई राजेश कुमार खटाना और एएसआई रूडमल की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल बबलेश भी टीम में शामिल थे।