कोटपूतली शहर के वार्ड नंबर 39 में मां भगवती नव युवा शक्ति मंडल की ओर से आयोजित मां भगवती का 11वां विशाल जागरण श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। जागरण से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर भाग लिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में सजी महिलाएं डीजे की धुन पर नाचती-गाती नजर आईं। माता के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। जागरण में विधायक प्रतिनिधि राधा पटेल और नगर परिषद सभापति कमल सैनी ने मां भगवती की ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अनिल कुमार पंजाबी ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर भजन संध्या की शुरुआत की। गायिका पिंकी अरोड़ा ने मां भगवती का गुणगान किया। भजनों पर झूमे श्रद्धालु, झांकियों ने बांधा समां अलवर से आए देव आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों से जागरण में चार चांद लगा दिए। गुरुग्राम से आईं गायिका मुस्कान दीवानी ने मधुर भजनों से मां के भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। "शेरों वाली मां से मेरा प्यार पुराना है" और "चुनर ओढ़ के मुझे मैया के जाना है" जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। देर रात तक भजनों का दौर चलता रहा। पूरा पंडाल माता की भक्ति में सराबोर रहा। जागरण में एक से बढ़कर एक सजीव झांकियों का प्रदर्शन किया गया। विशेष रूप से भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पंडाल तालियों व जयकारों से गूंज उठा। राधा पटेल और सभापति कमल सैनी ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम समाज में भक्ति की भावना जागृत करते हैं। कार्यक्रम के आयोजन में मां भगवती नव युवा शक्ति मंडल के रामचंद्र, पवन, सुभाष, बिडदी, रमेश, योगेश और सतीश सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। कार्यक्रम में सजी सजीव झांकी