झीलों में झिलमिलाती रोशनी, जगमगाते महल और उत्सव के रंगों में सजी गलियां… दीपावली पर लेकसिटी का नजारा पर्यटकों को खासा लुभाता है। ट्रेवल पोर्टल एलिवास की दीपावली-2026 के लिए जारी देश के 10 प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में उदयपुर को दूसरा स्थान मिला है, जबकि जयपुर पहले नंबर पर है। सूची में दिल्ली-एनसीआर, गोवा, नासिक, लोनावला, अलीबाग, ऋषिकेश, कुर्ग और ऊटी भी शामिल हैं। पोर्टल के मुताबिक, दीपावली पर पिछोला झील, ऐतिहासिक महल और ओल्ड सिटी की रोशनी शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा देती है। सूर्यास्त के बाद झीलों के किनारे और रोशनी से सजी गलियों में घूमना पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बन सकता है। पुराना शहर घूमने का सुझाव : पोर्टल ने सुझाव दिए कि दीपावली पर पर्यटकों के लिए पुराने शहर की गलियों से लेकर झीलों के किनारों तक कई आकर्षण हैं। सूर्यास्त के बाद रोशनी से सजी गलियों में घूमना, सिटी पैलेस की भव्यता निहारना और जगमगाती पिछोला झील के नजारों का आनंद लेना खास अनुभव हो सकता है। उपलब्धता के अनुसार शाम को नाव की सवारी भी की जा सकती है। वहीं, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी, राजस्थानी मिठाइयों व स्थानीय पकवानों का स्वाद और दीपावली की सजावट से दमकती गलियों में कुछ पल बिताना यहां की यात्रा को यादगार बना सकता है। 10 प्रमुख डेस्टिनेशन 1 जयपुर, 2 उदयपुर, 3 दिल्ली-एनसीआर, 4 गोवा, 5 नासिक, 6 लोनावला, 7 अलीबाग, 8 ऋषिकेश, 9 कूर्ग और 10 ऊटी।