बीकानेर में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। गुरुवार देर रात हुई हल्की बारिश के कारण रात के पारे में गिरावट आई है। बेमौसम हुई 4.4 एमएम बूंदाबांदी ने मौसम को सुहाना बना दिया है। इससे शहरवासियों को रातों में हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार 23 अक्टूबर को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बीती रात का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि यह सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक दर्ज हुआ है। सुबह के समय हवा में आर्द्रता 62 प्रतिशत और शाम को 41 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। इससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अक्टूबर के आखिरी दौर में रातों के तापमान में आ रही यह गिरावट इस बात का संकेत है कि अब धीरे-धीरे सर्दियों ने बीकानेर में दस्तक देनी शुरू कर दी है।